44 बच्चों और 37 महिलाओं समेत 112 शव मलबे से निकाले गए, हजारों फ़िलिस्तीनी नम आंखों के साथ जनाज़े में शामिल हुए।
गाज़ा सिटी:
मंगलवार को गाज़ा शहर में हजारों फ़िलिस्तीनियों ने अल-हसीना और अबू शरिया परिवारों के 112 सदस्यों की सामूहिक नमाज़-ए-जनाज़ा और अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। ये सभी लोग इज़रायली हवाई हमलों में मारे गए थे और उनके शव हाल ही में ध्वस्त घरों के मलबे से निकाले गए।
मृतकों में बच्चे, महिलाएं, पुरुष और बुज़ुर्ग शामिल थे। फ़िलिस्तीनी झंडों में लिपटे शवों को गाज़ा शहर के अल-सबरा इलाके में तबाह इमारतों के बीच कतार में रखा गया, जिसके बाद जनाज़े का जुलूस शेख़ शाबान कब्रिस्तान की ओर रवाना हुआ।
जनाज़े के दौरान बेहद मार्मिक दृश्य देखने को मिले। वीडियो में बच्चे कफ़नों पर फूल रखते दिखाई दिए, जबकि परिजन अपने प्रियजनों को नम आंखों से विदा कर रहे थे।
अब तक 308 लोगों की मौत
जनाज़े के बाद यूसुफ अबू शरिया ने बताया कि अक्टूबर 2023 से जारी इज़रायली हमलों में अल-हसीना और अबू शरिया परिवारों के कुल 308 सदस्य मारे जा चुके हैं।
उन्होंने फ़िलिस्तीनी समाचार एजेंसी वफ़ा (WAFA) को बताया कि मंगलवार को दफ़नाए गए लोगों में नवजात शिशु, माताएं, पिता, युवा और बुज़ुर्ग शामिल थे। उनके अनुसार, “मिसाइलों ने किसी को नहीं बख्शा।”
फ़िलिस्तीनी इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक अंतिम संस्कार
परिवार के प्रतिनिधि डॉ. जादू अबू शरिया ने इसे आधुनिक फ़िलिस्तीनी इतिहास का सबसे बड़ा सामूहिक अंतिम संस्कार बताया।
परिवार के बुज़ुर्ग अली अबू शरिया के अनुसार, 112 मृतकों में 44 बच्चे, 37 महिलाएं, 23 बुज़ुर्ग और 7 दिव्यांग व्यक्ति शामिल थे।
उन्होंने बताया कि यह इलाका कभी दोनों परिवारों का घर था, लेकिन इज़रायली हवाई हमलों में उनके मकान नष्ट हो गए और परिवार के अधिकांश सदस्य मारे गए।

बार-बार निशाना बने परिवार
अली अबू शरिया ने बताया कि युद्ध के शुरुआती दिनों से ही उनके परिवार पर लगातार हवाई हमले होते रहे।
- 20 अक्टूबर 2023 को परिवार के पांच मंज़िले मकान पर हमले में 14 लोगों की मौत हुई।
- सबसे घातक हमला 22 नवंबर 2023 को हुआ, जब अल-सबरा इलाके के एक रिहायशी ब्लॉक पर बमबारी की गई। उस समय वहां परिवार के लगभग 300 लोग शरण लिए हुए थे। इस हमले में दर्जनों लोग मारे गए।
- उस समय 70 लोगों को दफ़ना दिया गया था, जबकि कई शव मलबे में दबे रह गए, जिन्हें अब निकाला जा सका है।
बाद के हमलों में भी परिवार को निशाना बनाया गया।
- मई 2024 में अबू सालिम अबू शरिया इमारत पर हमले में 15 लोगों की मौत हुई।
- अगस्त 2025 में गाज़ा शहर से विस्थापित परिवार पर हुए हमले में 8 लोगों, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, की जान चली गई।
उन्होंने बताया कि मृतकों में प्रसिद्ध व्यापारी इब्राहिम अल-हसीना और इस्माइल अल-हसीना भी शामिल थे, जो निर्माण, रियल एस्टेट और वित्तीय कारोबार से जुड़े थे। परिवार के कई सदस्य विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत थे और कुछ के पास विदेशी नागरिकता भी थी।

दर्जनों लोग अब भी लापता
अली अबू शरिया के अनुसार, परिवार अब तक अपने 267 सदस्यों को दफ़ना चुका है, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं।
उनका कहना है कि संभव है उनके शव अब भी मलबे के नीचे दबे हों या लगातार बमबारी के कारण उनके अवशेष बिखर गए हों।
चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, इज़रायली सैन्य कार्रवाई के दौरान अब तक 2,067 फ़िलिस्तीनी परिवार पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं, जिनके 8,858 सदस्य मारे गए और उनमें कोई भी जीवित नहीं बचा।
जनाज़े में शामिल अब्दुलरहमान अबू हसीरा ने बताया कि उनके परिवार के लगभग 500 सदस्य गाज़ा शहर में अलग-अलग इज़रायली हमलों में मारे जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि 4 नवंबर 2023 को उनके घर पर हुए हमले में उनके माता-पिता, चार भाई-बहन और परिवार के 45 अन्य सदस्य मारे गए, जबकि वे अकेले जीवित बचे।

मृतकों की संख्या 73 हजार से अधिक
चिकित्सा सूत्रों के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से गाज़ा पर जारी इज़रायली हमलों में 73,000 से अधिक फ़िलिस्तीनी मारे जा चुके हैं, जबकि दसियों हजार लोग घायल या लापता हैं। गाज़ा में बमबारी, भूख, घेराबंदी और व्यापक तबाही का सिलसिला अब भी जारी है।